रविवार, 7 जून को डोमिनिकन रिपब्लिक में एक भयानक प्राइवेट प्लेन क्रैश ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर उतरते समय प्लेन क्रैश हो गया और आग का एक बड़ा गोला बन गया। कुछ ही सेकंड में, इलाका धुएं से भर गया और बचाव दल आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। इस दुखद हादसे में पायलट और को-पायलट दोनों की मौत हो गई।
रविवार को डोमिनिकन रिपब्लिक के पूर्वी हिस्से में स्थित ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर एक प्राइवेट प्लेन के क्रैश होने से दो लोगों की मौत हो गई। देश की नेशनल एविएशन अथॉरिटी ने यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि धमाका होने और हवा में धुएं का गुबार उठने से पहले प्लेन का अगला हिस्सा रनवे से ऊपर उठ रहा था। बाद के फुटेज में फायर ट्रक आग बुझाने के लिए विमान पर पानी की बौछार करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
डोमिनिकन सिविल एविएशन इंस्टीट्यूट ने पायलट और को-पायलट दोनों की मौत की पुष्टि की। उनके बयान में बताया गया कि विमान में कोई यात्री सवार नहीं था। बयान में आगे बताया गया कि प्लेन ने ला रोमाना से लगभग 16 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में इमरजेंसी घोषित की थी और एयरपोर्ट पर वापस लौटने की कोशिश के दौरान क्रैश हो गया। अथॉरिटी ने कहा कि हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी गई है। क्रैश हुए विमान का मॉडल गल्फस्ट्रीम G200 जेट था।
गौरतलब है कि यह एयरपोर्ट ला रोमाना शहर के लिए बहुत अहम है, जो पर्यटन के लिए मशहूर है। पर्यटन डोमिनिकन रिपब्लिक की अर्थव्यवस्था का एक अहम हिस्सा है। यह देश कैरिबियन क्षेत्र में स्थित है और इसकी आबादी लगभग 1.16 करोड़ है। इससे पहले, 2021 में देश में एक और प्राइवेट प्लेन क्रैश में नौ लोगों की मौत हो गई थी; वह विमान राजधानी सैंटो डोमिंगो के लास अमेरिका इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद क्रैश हुआ था।










Leave a Reply